देहरादून

बारिश के बाद मलबा बना मुसीबत, दो नेशनल हाईवे समेत 54 सड़कें ठप

देहरादून – उत्तराखंड में लगातार बारिश के कारण जगह-जगह भूस्खलन और मलबा गिरने की घटनाएं सामने आ रही हैं। इसके चलते दो राष्ट्रीय राजमार्गों सहित कुल 54 सड़कें बंद हो गई हैं, जिससे आम लोगों और पर्यटकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार, चमोली जिले में जोशीमठ-मलारी-नीती नेशनल हाईवे पर भापकुंड के पास चट्टान खिसकने से रास्ता बंद हो गया है। वहीं, पिथौरागढ़ जिले में घटियाबगड़-लिपुलेख-गुंजी मार्ग किलोमीटर 11 के पास मलबा आने से अवरुद्ध है।

इसके अलावा, विभिन्न जिलों में कई आंतरिक मार्ग भी बाधित हो गए हैं। उत्तरकाशी में 5, टिहरी में 6, रुद्रप्रयाग में 7, पिथौरागढ़ में 9, पौड़ी में 11, नैनीताल में 1, देहरादून में 3, चमोली में 10, जबकि अल्मोड़ा और बागेश्वर में एक-एक सड़क बंद है।

प्रशासन द्वारा रास्तों को खोलने का कार्य जारी है, लेकिन लगातार बारिश के कारण हालात को सामान्य बनाने में दिक्कतें आ रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *