नैनीताल

बेतालघाट में ब्लॉक प्रमुख चुनाव से पहले गोलीबारी, एक ग्रामीण घायल; कांग्रेस ने लगाए गंभीर आरोप

नैनीताल। बेतालघाट ब्लॉक में ब्लॉक प्रमुख चुनाव से ठीक पहले माहौल तनावपूर्ण हो गया जब अज्ञात हमलावरों द्वारा की गई गोलीबारी में एक ग्रामीण घायल हो गया। घटना में गोली ग्रामीण के पैर में लगी, जिसे तत्काल उपचार के लिए बेतालघाट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया। गोली चलने की घटना से इलाके में अफरातफरी मच गई और तनाव का माहौल बन गया।

घटना के तुरंत बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया और इसे चुनाव प्रक्रिया को बाधित करने की साजिश करार दिया। कार्यकर्ताओं ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।

जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव पर भी हंगामा

नैनीताल में जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव के दौरान भी हालात बिगड़ते दिखे। कांग्रेस जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल ने कुछ लोगों पर उनके जिला पंचायत सदस्यों के अपहरण का आरोप लगाया है। छिमवाल के अनुसार, गुरुवार को मतदान के लिए जा रहे कई सदस्य जिला पंचायत कार्यालय के पास से ही जबरन उठा लिए गए, जिसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

कांग्रेस का दावा है कि यह घटना पुलिस की मौजूदगी में हुई, लेकिन प्रशासन ने कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की। इसके बाद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हाईकोर्ट का रुख किया, जिससे राजनीतिक तनाव और भी बढ़ गया।

वीडियो वायरल, नेता प्रतिपक्ष ने की पुष्टि

नेता प्रतिपक्ष द्वारा सोशल मीडिया पर जारी किए गए वीडियो में कथित रूप से जिला पंचायत सदस्यों को जबरन ले जाते हुए देखा जा सकता है। इस घटना ने पूरे जिले की राजनीति को उबाल पर ला दिया है और नैनीताल का माहौल पूरी तरह से राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप में घिर गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *