दमोह

दमोह-जबलपुर हाईवे पर चलती बाइक से महिला के गले से सोने का हार झपट कर फरार हुए बदमाश

दमोह (मध्यप्रदेश)। जिले के तेंदूखेड़ा थाना क्षेत्र में रविवार शाम को एक सनसनीखेज लूट की वारदात सामने आई। दमोह-जबलपुर स्टेट हाईवे पर चलती बाइक पर सवार एक महिला के गले से बाइक सवार बदमाशों ने सोने का हार झपट लिया और फरार हो गए। लूट की यह घटना उस समय हुई जब महिला अपने ससुर के साथ ससुराल लौट रही थी।

रक्षाबंधन के बाद लौट रही थी महिला

जानकारी के मुताबिक, बमोरी गांव निवासी प्रहलाद सिंह लोधी रविवार को अपनी बहू कौशल्या बाई लोधी को मायके, बरखेड़ा गांव से लेकर वापस ससुराल ला रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक वन विभाग के डिपो के पास पहुंची, पीछे से दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार अज्ञात युवकों ने उन्हें घेर लिया।

पीछा कर लूट की साजिश, फिल्मी अंदाज़ में दिया वारदात को अंजाम

महिला ने बताया कि जब वह सांगा गांव के पास से निकलीं, तभी से आरोपियों ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया था। जैसे ही वे डिपो के पास पहुंचे, एक बाइक सवार दो बदमाश उनके सामने आ गए, जबकि पीछे से आ रही दूसरी बाइक पर बैठे दो युवकों ने महिला के गले से करीब 1.25 लाख रुपये मूल्य का सोने का हार झपट लिया और तेज रफ्तार से तेंदूखेड़ा की ओर भाग निकले।

थाने पहुंच कर दर्ज कराई रिपोर्ट

घटना के तुरंत बाद महिला और उसके ससुर ने परिजनों को सूचना दी और फिर तेंदूखेड़ा थाने पहुंचकर मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई। पीड़िता के अनुसार, घटना इतनी अचानक हुई कि उन्हें खुद को संभालने तक का मौका नहीं मिला।

पुलिस जांच में जुटी, सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे

तेंदूखेड़ा थाना प्रभारी नितेश जैन ने बताया कि चार अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द ही गिरफ्तार किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *