मध्य प्रदेश

लाड़ली बहनों के खातों में आएंगे 1500, 1.25 करोड़ महिलाओं को मिलेगा 38वीं किस्त का लाभ

मध्य प्रदेश : मध्य प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख से अधिक लाड़ली बहनों के लिए रविवार बड़ी खुशखबरी लेकर आया है। मुख्यमंत्री मोहन यादव भिंड जिले के लहार में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम से मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की 38वीं किस्त जारी करेंगे। मुख्यमंत्री एक क्लिक के जरिए प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख 15 हजार से अधिक महिलाओं के बैंक खातों में 1835 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि सीधे ट्रांसफर करेंगे। योजना के तहत प्रत्येक पात्र महिला के खाते में 1500 रुपये की मासिक सहायता राशि पहुंचेगी।

राज्य सरकार ने नवंबर 2025 से लाड़ली बहना योजना की मासिक सहायता राशि 1250 रुपये से बढ़ाकर 1500 रुपये कर दी थी। इसके बाद से सभी पात्र महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये दिए जा रहे हैं। जून 2023 में शुरू हुई इस योजना के तहत अब तक 37 किस्तों का भुगतान किया जा चुका है, जबकि आज को 38वीं किस्त जारी की जाएगी।

मुख्यमंत्री मोहन यादव लहार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र को विकास कार्यों की भी बड़ी सौगात देंगे। वे 238.96 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 40 विकास कार्यों का लोकार्पण करेंगे। इसके अलावा 83.33 करोड़ रुपये की लागत वाली 16 नई परियोजनाओं का भूमिपूजन और शिलान्यास भी करेंगे। इस तरह कार्यक्रम में कुल 322 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की शुरुआत और लोकार्पण होगा।

लाड़ली बहना योजना को राज्य सरकार की प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं में शामिल किया जाता है। सरकार का कहना है कि इस योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और उन्हें नियमित वित्तीय सहायता उपलब्ध कराना है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में हितग्राही महिलाएं भी शामिल होंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *