Uttarakhand

खाली प्लॉटों/भूखण्डों में वर्षा जल भराव की समस्या से संभावित दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए समीक्षा बैठक

काशीपुर : जिलाधिकारी ऊधमसिंहनगर द्वारा प्रदत्त निर्देशों के अनुपालन में नगर निगम काशीपुर सीमा क्षेत्र अंतर्गत स्थित खाली प्लॉटों/भूखण्डों में वर्षा जल भराव की समस्या के निराकरण एवं भविष्य में संभावित दुर्घटनाओं की रोकथाम के उद्देश्य से नगर निगम काशीपुर में नगर आयुक्त रविन्द्र सिंह बिष्ट, उपजिलाधिकारी काशीपुर अभय प्रताप सिंह, तहसीलदार पंकज चन्दोला तथा जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी उमाशंकर नेगी की उपस्थिति में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में निर्णय लिया गया कि नगर निगम सीमा क्षेत्र में स्थित ऐसे सभी खाली प्लॉटों एवं भूखण्डों का प्राथमिकता के आधार पर सर्वेक्षण कराया जाएगा, जहाँ वर्षा के कारण जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो रही है। जिन भूखण्डों में जल निकासी की व्यवस्था संभव नहीं है, उनके स्वामियों को अपने व्यय पर तत्काल तारबाड़ (फेंसिंग) कराने एवं चेतावनी बोर्ड लगाने हेतु नोटिस जारी किए जाएंगे। साथ ही एक सप्ताह के भीतर ऐसे सभी प्लॉटों/भूखण्डों को चिन्हित कर श्रेणीवार सूची तैयार कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि विगत दिनों जलभराव वाले एक खाली भूखण्ड में दो मासूम बच्चों की डूबने से मृत्यु की अत्यंत दुःखद घटना घटित हुई थी। इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने हेतु नगर निगम द्वारा विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। वर्तमान तक 15 खाली प्लॉट/भूखण्ड स्वामियों को नोटिस जारी किए जा चुके हैं, तथा शेष चिन्हित स्थलों पर भी नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

उपजिलाधिकारी काशीपुर, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी एवं नगर निगम की संयुक्त टीम द्वारा जयपुरखुर्द एवं पक्काकोट सहित जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों एवं क्षेत्रीय सफाई निरीक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। वर्षा ऋतु के दौरान जल निकासी व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने हेतु नालों की नियमित सफाई, अवरुद्ध जल निकासी मार्गों को तत्काल खुलवाने तथा संवेदनशील क्षेत्रों की सतत निगरानी के निर्देश भी दिए गए हैं।

जिला प्रशासन आमजन से अपील करता है कि अपने आसपास स्थित खाली प्लॉटों/भूखण्डों में जलभराव होने पर तत्काल इसकी सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। नागरिकों से यह भी अनुरोध है कि जलभराव वाले स्थानों के समीप बच्चों को अकेले न जाने दें तथा ऐसे स्थलों पर अनावश्यक आवाजाही से बचें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *