उत्तराखंड

देहरादून: खनन निदेशक राजपाल लेघा के नेतृत्व में ₹1500 करोड़ राजस्व लक्ष्य, अवैध खनन पर जीरो टॉलरेंस के निर्देश…

देहरादून: उत्तराखंड खनन विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के राजस्व लक्ष्य और अवैध खनन पर कार्रवाई को लेकर सभी जिला खान अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। निदेशक खनन राजपाल लेघा की अध्यक्षता देहरादून मुख्यालय में हुई इस बैठक में राजस्व बढ़ाने, बकाया वसूली और अवैध खनन पर सख्ती के निर्देश दिए गए। खनन निदेशालय स्थित सभागार में निदेशक राजपाल लेघा की अध्यक्षता में राज्य के सभी जिला खान अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए विभाग का ₹1500 करोड़ राजस्व प्राप्ति लक्ष्य तय किया गया। निदेशक ने सभी जिला खान अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्य हर हाल में पूरा करने के लिए प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके अलावा प्रदेश में अवैध खनन, अवैध परिवहन और अवैध भंडारण पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों से कहा गया कि अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों के खिलाफ नियमित अभियान चलाकर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। बैठक में ई-चैक गेट के माध्यम से जारी ई-चालानों की समयबद्ध वसूली पर भी विशेष जोर दिया गया। साथ ही पिछले कई वर्षों से लंबित अवैध खनन, परिवहन और भंडारण से जुड़े मामलों में करीब ₹250 करोड़ की बकाया धनराशि की वसूली के लिए संबंधित प्रकरणों में रिकवरी सर्टिफिकेट (RC) जारी करने के निर्देश दिए गए। निदेशक राजपाल लेघा ने कहा कि राजस्व लक्ष्य की प्राप्ति के साथ-साथ अवैध खनन पर प्रभावी नियंत्रण विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *