Uttarakhandहल्द्वानी

परिवर्तन संकल्प सम्मेलन से कांग्रेस का चुनावी शंखनाद

हल्द्वानी :आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के तहत कांग्रेस ने राजपुरा में आयोजित परिवर्तन संकल्प सम्मेलन के माध्यम से अपने चुनावी अभियान का आगाज़ करते हुए प्रदेश में सत्ता परिवर्तन का संकल्प लिया। सम्मेलन में CWC सदस्य एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, राष्ट्रीय सचिव प्रकाश जोशी, हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने उत्तराखंड की वर्तमान राजनीतिक, सामाजिक एवं आर्थिक परिस्थितियों पर अपने विचार रखे और कार्यकर्ताओं व आम जनता से आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की सरकार बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं परिवर्तन संकल्प सम्मेलन के जिला प्रभारी करन माहरा ने कहा कि उत्तराखंड आज बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, महंगाई, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी गंभीर चुनौतियों से जूझ रहा है। करन माहरा ने राज्य और केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कानून-व्यवस्था, गौ संरक्षण, महंगाई और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर सरकार पूरी तरह विफल रही है।

राष्ट्रीय सचिव प्रकाश जोशी ने कहा कि उत्तराखंड की जनता आज महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और लगातार कमजोर होती जनसेवाओं से परेशान है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का परिवर्तन संकल्प अभियान केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनता की आवाज़ को मजबूती देने का जनआंदोलन है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर प्रदेश सरकार की विफलताओं और कांग्रेस की जनहितकारी नीतियों को जनता तक पहुंचाने का आह्वान करते हुए कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में उत्तराखंड की जनता बदलाव का इतिहास लिखने के लिए तैयार है।

हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश ने हल्द्वानी की जनता एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सम्मेलन में उमड़ा जनसैलाब इस बात का प्रमाण है कि जनता बदलाव चाहती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनहित, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और विकास के मुद्दों को सड़क से सदन तक पूरी मजबूती से उठाती रहेगी। उन्होंने राजपुरा क्षेत्र के लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि वे प्रशासन द्वारा लगाए गए लाल निशानों और कार्रवाई को नहीं भूले हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्राधिकरण और प्रशासन ने क्षेत्र के लोगों को अनावश्यक रूप से परेशान किया तथा छोटी-छोटी मरम्मत तक पर कार्रवाई की गई।

महानगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद बिष्ट ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कहा कि हल्द्वानी की जनता ने परिवर्तन के पक्ष में अपना स्पष्ट संदेश दिया है और कांग्रेस संगठन पूरी मजबूती के साथ जनता के बीच संघर्ष जारी रखेगा। राजपुरा क्षेत्र की पार्षद प्रीति आर्य एवं पार्षद एडवोकेट धर्मवीर ने संयुक्त रूप से सभी वरिष्ठ नेताओं एवं अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि राजपुरा की जनता परिवर्तन की इस मुहिम में पूरी मजबूती से कांग्रेस के साथ खड़ी है तथा जनहित के मुद्दों पर संघर्ष निरंतर जारी रहेगा। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री मलय बिष्ट और राजपुरा क्षेत्रवासियों की तरफ से वरिष्ठ समाजसेवी गोविंद बिष्ट ने सभी सभी अतिथियों का फूलमालाओं से स्वागत किया।

सम्मेलन में कार्यकर्ताओं का उत्साह एवं स्थानीय जनता की भारी सहभागिता ने स्पष्ट संकेत दिया कि उत्तराखंड में परिवर्तन की भावना लगातार मजबूत हो रही है। कांग्रेस नेताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता परिवर्तन का समर्थन करते हुए कांग्रेस को सरकार बनाने का अवसर देगी।

इस अवसर जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल, हेमन्त बगड़वाल, भोला दत्त भट्ट, सुहैल सिद्दीकी, विशाल भोजक, इंद्र पाल आर्य, राधा आर्य, कौशलेंद्र भट्ट, संजू पाना, प्रदीप नेगी, राजेन्द्र बिष्ट, हेमन्त साहू, विनोद कुमार, त्रिलोक बनोली,युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष इंजीनियर सुमित कुमार, विधायक प्रतिनिधि जीवन कार्की, सतनाम सिंह, पार्षद मोना शर्मा, रवि जोशी। सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *