गाजियाबाद-टूंडला-गाजियाबाद ईएमयू पैसेंजर का अब टूंडला से आगरा सिटी स्टेशन तक विस्तार करने का निर्णय लिया
आगरा : रेलवे ने गाजियाबाद-टूंडला-गाजियाबाद ईएमयू पैसेंजर का अब टूंडला से आगरा सिटी स्टेशन तक विस्तार करने का निर्णय लिया है। यह नई व्यवस्था 15 जुलाई से लागू होगी। इससे अलीगढ़, हाथरस, टूंडला और आगरा के बीच प्रतिदिन सफर करने वाले हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। उत्तर मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह के अनुसार, 12 कोच वाली दैनिक ईएमयू ट्रेन संख्या 64167 अब गाजियाबाद से चलकर टूंडला के बजाय आगरा सिटी तक जाएगी। वापसी में ट्रेन संख्या 64168 आगरा सिटी से चलकर गाजियाबाद पहुंचेगी। ट्रेन सुबह 06:10 बजे गाजियाबाद से रवाना होगी।अलीगढ़ में अपने निर्धारित समय सुबह 08:25 बजे पहुंचेगी और पांच मिनट के ठहराव के बाद 08:30 बजे गंतव्य को रवाना होगी। यह ट्रेन सुबह 11:25 बजे टूंडला पहुंचेगी और वहां से आगे चलकर दोपहर 12:45 बजे आगरा सिटी पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 64168 दोपहर 02:20 बजे आगरा सिटी से प्रस्थान करेगी।
यह टूंडला से अलीगढ़ होते हुए शाम 07:50 बजे गाजियाबाद पहुंचेगी। टूंडला और आगरा सिटी के बीच यह ट्रेन इटौरा, चमरौला और जलेसर रोड स्टेशनों पर भी ठहरेगी। ट्रेन के विस्तार से इसका कुल सफर 184.02 किलोमीटर से बढ़कर 206.66 किलोमीटर हो जाएगा।