वृंदावन पहुंचे हरियाणा के सीएम नायब सैनी, बांकेबिहारी के दरबार में टेका माथा; संतों से लिया आशीर्वाद
आगरा : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मंगलवार देर शाम परिवार के साथ वृंदावन पहुंचे। संत का आशीर्वाद लेने के साथ ही उन्होंने श्रीबांकेबिहारी मंदिर सहित प्रमुख मंदिरों में दर्शन कर पूजा अर्चना की। उन्होंने ठाकुरजी के समक्ष शीश झुकाकर देश और प्रदेशवासियों की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। इस दौरान मंदिरों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। मंदिर के सेवायत गोस्वामियों ने उन्हें प्रसादी माला, पटका और प्रसाद के साथ आशीर्वाद प्रदान किया।
सेवायत गोस्वामी ने उन्हें पटका एवं प्रसाद दिया। यहां से वह परिक्रमा मार्ग स्थित श्रीकृष्ण कृपा धाम पहुंचे, जहां उन्होंने गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज से आशीर्वाद लिया। उनसे करीब 15 मिनट आध्यात्म चर्चा करने के बाद भोजन प्रसाद ग्रहण किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ब्रजभूमि विश्व में आस्था का केंद्र है। भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का स्मरण करते हुए कहा कि कुरुक्षेत्र की धरती से ही गीता का शाश्वत संदेश जगत को भगवान कृष्ण ने दिया था। ब्रज में भी विभिन्न लीलाएं कीं। श्रीबांकेबिहारी से हरियाणा के निरंतर विकास और समाज में सद्भाव बनाए रखने की प्रार्थना की।