हेल्पलाइन तक शिकायत पहुंचे उससे पहले निपटाएं जनता के काम, CM मोहन यादव ने अफसरों को दिए निर्देश
भोपालभोपाल:मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मंगलवार को मंत्रालय में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक में 21 प्रमुख कार्यों की समीक्षा की। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने अधिकारियों को साफ निर्देश दिए हैं कि आम लोगों के काम समय-सीमा में पूरे हों और कोशिश यह रहे कि शिकायत हेल्पलाइन तक पहुंचने की नौबत ही न आए। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता से जुड़े प्राथमिक कामों का समय पर निराकरण प्रशासन की पहली जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान की समीक्षा करते हुए डॉ. यादव ने कहा कि पिछले तीन सप्ताह में इसके अच्छे परिणाम सामने आए हैं। अब अभियान के तहत होने वाले शिविरों और संवाद की अगले एक महीने की योजना पहले से तैयार की जाए। त्योहार या अन्य कारणों से यदि शुक्रवार को शिविर नहीं लग पाता है तो उसे अगले दिन शनिवार को आयोजित किया जाए। कलेक्टरों को भी शिविर की जानकारी पहले से देने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आम लोगों, अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को तैयारी का पर्याप्त समय मिल सके।
सरकारी दफ्तरों में अधिकारियों-कर्मचारियों की समय पर मौजूदगी सुनिश्चित करने के लिए मंत्रालय, विंध्याचल और सतपुड़ा भवन में बायोमेट्रिक अटेंडेंस व्यवस्था शुरू की जाएगी। बाद में इसे प्रदेश के जिलों में भी लागू किया जाएगा। वरिष्ठ अधिकारियों को कर्मचारियों की उपस्थिति और काम की समय-सीमा पर निगरानी रखने को कहा गया है।