उत्तराखंड

हल्द्वानी: राज्यसभा उम्मीदवार बनते ही दिनेश आर्य का भव्य स्वागत, ढोल-नगाड़ों के साथ जश्न, बोले कांग्रेस शुद्धिकरण के नाम पर समाज को बांट रही

हल्द्वानी: उत्तराखंड में खाली हुई राज्यसभा सीट के लिए भाजपा ने वरिष्ठ नेता और राज्य सरकार में दर्जा प्राप्त मंत्री दिनेश आर्य को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। भाजपा के इस फैसले को दलित चेहरे को आगे बढ़ाने और कांग्रेस की शुद्धिकरण की राजनीति का जवाब देने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है। राज्यसभा प्रत्याशी घोषित होने के बाद दिनेश आर्य का हल्द्वानी स्थित आवास पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत किया। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, मेयर गजराज बिष्ट, पूर्व मेयर जोगेंद्र रौतेला समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने दिनेश आर्य को बधाई देते हुए उनके समर्थन में नारे लगाए। मीडिया से बातचीत में राज्यसभा प्रत्याशी दिनेश आर्य ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी शुद्धिकरण के नाम पर समाज को बांटने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को लगातार दो विधानसभा चुनाव और तीन लोकसभा चुनाव में करारी हार का सामना करना पड़ा है। दिनेश आर्य ने दावा किया कि आने वाले विधानसभा चुनाव में भी कांग्रेस को उत्तराखंड में पराजय का सामना करना पड़ेगा और प्रदेश में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनेगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *