हल्द्वानी: इंस्पिरेशन स्कूल के वार्षिकोत्सव ‘स्पेक्ट्रम-2026’ में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दिया शांति और सामाजिक एकता का संदेश
हल्द्वानी: काठगोदाम स्थित इंस्पिरेशन सीनियर सेकेंडरी स्कूल का वार्षिकोत्सव ‘स्पेक्ट्रम-2026’ शनिवार को हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। समारोह में विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, नृत्य, संगीत और लघु नाटिकाओं के माध्यम से सामाजिक एकता, विश्व शांति, देशभक्ति और नैतिक मूल्यों का संदेश दिया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों की रचनात्मकता और प्रतिभा ने दर्शकों का मन मोह लिया।
समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. एसके कश्यप, विशिष्ट अतिथि एवं विद्यालय के पूर्व प्रधानाचार्य एचके जोशी तथा विद्यालय प्रबंधन के सदस्यों ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक दीपक बल्यूटिया, चेयरपर्सन डॉ. गीतिका बल्यूटिया, संजय बल्यूटिया, गायत्री बल्यूटिया, आयुषी बल्यूटिया, तक्ष बल्यूटिया और प्रधानाचार्य अनुराग माथुर सहित अन्य अतिथि मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना और सरस्वती वंदना से हुई। इसके बाद नर्सरी से कक्षा पांच तक के विद्यार्थियों ने ‘रॉबिन हुड’ थीम पर आधारित विभिन्न प्रस्तुतियां दीं। ‘ट्राई एवरीथिंग’, ‘हैप्पी’, ‘प्रिंस अली’, ‘स्पाइडरमैन’ और ‘मुफासा: द लायन किंग’ जैसी प्रस्तुतियों के जरिए बच्चों ने दर्शकों का मनोरंजन करने के साथ विश्व शांति का संदेश भी दिया।
समारोह में स्वतंत्रता संग्राम के दौरान अंग्रेजी शासन की यातनाओं और कालापानी की जेल में स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष को नाट्य एवं नृत्य प्रस्तुति के माध्यम से जीवंत किया गया। इस प्रस्तुति ने दर्शकों को भावुक करने के साथ देश के स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान की याद दिलाई। विद्यालय के जूनियर और सीनियर म्यूजिक बैंड ने भी विभिन्न गीतों की प्रस्तुतियों से खूब वाहवाही बटोरी। संगीत कार्यक्रम समारोह के प्रमुख आकर्षणों में शामिल रहा।
मुख्य अतिथि डॉ. कश्यप ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनमें निहित नैतिक संदेशों और विद्यालय के प्रयासों की प्रशंसा की। समारोह के समापन पर चेयरपर्सन डॉ. गीतिका बल्यूटिया ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का संचालन कक्षा तीन से 12 तक के विद्यार्थियों ने किया। वार्षिकोत्सव को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं और समस्त स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
